भगवान की कथा केवल सुनने मात्र से ही जीवन के अनेक कष्ट दूर हो जाते हैं : ब्रजरसिक तेज भूषण शास्त्री

श्री मद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान की लीला वृतांत पर हुआ विस्तार से प्रकाश

दैनिक समाज जागरण, ( महेन्द्र जावला बहल )

भिवानी। श्री श्याम बाबा के आशीर्वाद से नववर्ष 2026 के उपलक्ष्य में नंद गार्डन, दादरी गेट कोंट रोड स्थित कथा स्थल पर आयोजित श्री मद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के चौथे दिन कथा प्रवक्ता ब्रजरसिक तेज भूषण शास्त्री (वृंदावन वाले) ने भगवान की दिव्य लीलाओं एवं उनके जीवन वृतांत पर विस्तार से प्रकाश डाला। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति भाव में डूबे नजर आए। इस अवसर पर साध्वी करुणागिरी महाराज, महंत वेदनाथ महाराज, श्री महंत डॉक्टर अशोक गिरी महाराज, महंत चरण दास महाराज का सानिध्य रहा।
कथा प्रवक्ता ने भगवान श्री विष्णु के विभिन्न अवतारों, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव, कपिल मुनि और नारद जी के प्रसंगों का सुंदर वर्णन करते हुए बताया कि भगवान की कथा केवल सुनने मात्र से ही जीवन के अनेक कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भागवत कथा मनुष्य को सत्य, धर्म, करुणा और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान की लीलाएं हमें यह सिखाती हैं कि अहंकार का त्याग कर ईश्वर की शरण में जाना ही जीवन का परम लक्ष्य है।
चौथे दिन की कथा में सृष्टि की रचना, भक्त और भगवान के संबंध तथा कर्म और भाग्य के सिद्धांत को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। कथा प्रवक्ता ने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर भक्तों की रक्षा करते हैं। कथा के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।
कथा आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं ने कथा प्रवक्ता का पुष्प मालाओं से स्वागत किया। आयोजन में संत महात्माओं का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ, जिन्होंने कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। चौथे दिन की कथा में श्रद्धालुओं ने भगवान की कथा को आत्मसात करते हुए अपने जीवन में धर्म और भक्ति को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)