ठेकेदार के इशारे पर चल रहा काम, पंचायत पर भ्रष्टाचार के आरोप
कोतमा। कोतमा जनपद के ग्राम पंचायत पैरिचुआ में लाखों रुपये की लागत से बनाए जा रहे अमृत तालाब निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम पंचायत निर्माण एजेंसी होने के बावजूद यह कार्य ठेकेदार वंश गोपाल को सौंप दिया गया है, जो अपने मनमाने तरीके से निर्माण कार्य कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस परियोजना में जमकर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं की जा रही हैं, और पंचायत अधिकारी भी इस पूरे खेल में शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर अमृत तालाब का निर्माण किया जा रहा है, वहां से महज 20 मीटर की दूरी पर पहले से ही लाखों रुपये की लागत से चेक डैम बनाया गया था। चेक डैम का उद्देश्य बरसात के पानी को रोककर किसानों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन अब उसी क्षेत्र में फिर से अमृत तालाब बनवाने का कार्य शुरू किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य केवल फाइलों में पैसा निकालने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि जहां तालाब बन रहा है, वहां पहले से पर्याप्त जलस्रोत मौजूद हैं।
जहां जरूरत नहीं, वहीं बन रहा तालाब
ग्राम पंचायत पैरिचुआ के समीप चौडार नाला सदैव बहाव में रहता है, जिससे आस-पास के खेतों में सिंचाई की कोई समस्या नहीं रहती। बावजूद इसके, महज 30 मीटर की दूरी पर नया अमृत तालाब बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस योजना का चयन पूरी तरह अव्यवहारिक और भ्रष्ट मंशा से किया गया है। पहले से बने चेक डैम के पास मिट्टी डालकर, एक तरफ मेढ़ खड़ी कर, उसे ही तालाब का रूप दे दिया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत एजेंसी और ठेकेदार की मिलीभगत से शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए पंचायत स्वयं कार्य न करके उसे ठेका सौंप चुकी है, जबकि अमृत तालाब योजना के नियमों के अनुसार निर्माण कार्य ग्राम पंचायत के माध्यम से कराया जाना चाहिए।
ठेकेदार के इशारे पर चल रहा है निर्माण
ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव पर आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार वंश गोपाल के साथ मिलकर अमृत तालाब का कार्यभार सौंपा है। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा। तालाब के किनारों की खुदाई ठीक से नहीं की जा रही और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि स्वतंत्र जांच टीम बनाकर स्थल निरीक्षण किया जाए तो पूरे घोटाले का पर्दाफाश हो जाएगा।
इंजीनियर और एसडीओ की भूमिका संदिग्ध
अमृत तालाब योजना का उद्देश्य किसानों को जल-संरक्षण के माध्यम से सिंचाई सुविधा देना था, लेकिन यहां मामला उल्टा है। सूत्रों का कहना है कि स्थानीय इंजीनियर और एसडीओ की मिलीभगत से ही यह फर्जी निर्माण संभव हो पा रहा है। पूर्व में बने नाले और चेक डैम के पानी को रोककर उसे अमृत तालाब का नाम दिया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में नया निर्माण नहीं किया जा रहा। इस मिलीभगत से जहां शासन को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है, वहीं किसानों को अमृत तालाब योजना से मिलने वाला वास्तविक लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने मांगी जांच
स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्टर और जनपद सीईओ से मांग की है कि पैरिचुआ में बन रहे अमृत तालाब की जांच टीम गठित कराई जाए और मौके पर जाकर पूरे कार्य की सच्चाई सामने लाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सही जांच की गई तो यह मामला भ्रष्टाचार और सरकारी धन की लूट का बड़ा उदाहरण साबित होगा।
भ्रष्टाचार का प्रतीक बना अमृत तालाब
पैरिचुआ का अमृत तालाब किसानों की सुविधा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का प्रतीक बनता जा रहा है। जिस जगह पहले से जलस्रोत और चेक डैम मौजूद है, वहां लाखों रुपये का नया तालाब बनाना शासन की योजनाओं के साथ खिलवाड़ है। जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि अगर समय रहते नहीं चेते, तो यह मामला एक और अमृत तालाब घोटाला बन सकता है।



