google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मेहरमा में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार पर डीडीसी नाराज, दो दिनों में 450 योजनाओं की सूची तैयार करने का निर्देश

पंचायतों में कम से कम 20-20 योजनाओं के चयन पर जोर, लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर होगी विभागीय कार्रवाई

समाज जागरण | गोड्डा

गोड्डा। उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत रविवार को मेहरमा प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर वीबी-जी रामजी से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कार्यों में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मेहरमा प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में कम से कम 20-20 योजनाओं का चयन कर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी पंचायतों को मिलाकर लगभग 450 योजनाओं की सूची तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

ग्रामीण जरूरतों के अनुसार योजनाओं का हो चयन

बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजनाओं का चयन ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, ताकि विकास कार्यों का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने पक्की नाली निर्माण, डांड़ एवं बांध की खुदाई, सोखता निर्माण, बागवानी, वर्षा जल संचयन तथा जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ जल संरक्षण, सिंचाई और पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा। पंचायत स्तर पर योजनाओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सूची तैयार करने को कहा गया।

दो दिनों में तैयार होगी 450 योजनाओं की सूची

उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दो दिनों के भीतर करीब 450 योजनाओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सूची तैयार करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक और अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई। उन्होंने कहा कि योजना के चयन से लेकर उसके क्रियान्वयन तक प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, ताकि विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो सकें।

लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई

समीक्षा बैठक के दौरान कार्यों के प्रति उदासीनता और दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले दो से तीन कर्मियों को चिह्नित करने का निर्देश भी दिया गया। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे कर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वालों के प्रति प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा। विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करना होगा।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, मनरेगा बीपीओ अजीत सिंह, पंचायत सचिव सह प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गंगाराम शाह, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)