google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

जिलाधिकारी की निगरानी में मतदाता पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 51 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े

29 नवंबर को एक दिन में जुड़े 10,183 नए मतदाता

चारों विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया में आई तेजी

समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की निगरानी में जिले में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। 17 से 29 नवंबर तक जिले की चारों विधानसभा सीटों पर कुल 51,692 नए मतदाताओं का पंजीकरण किया गया। इसमें 29 नवंबर को एक ही दिन में 10,183 पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए गए।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित अभियान की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर फॉर्म-6 भरने और उसकी ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति की जानकारी ली। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा पंचायत विभाग के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी और समन्वय के परिणामस्वरूप 17 से 28 नवंबर के बीच जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 41,509 नए मतदाताओं का पंजीकरण किया गया। विधानसभा घोरावल में 11,551, राबर्ट्सगंज में 9,054, ओबरा में 7,631 और दुद्धी में 13,273 नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरे गए। वहीं, 29 नवंबर को विधानसभा घोरावल में 3,143, राबर्ट्सगंज में 2,287, ओबरा में 2,214 और दुद्धी में 2,559 नए मतदाताओं का पंजीकरण हुआ। इस तरह 29 नवंबर को एक दिन में कुल 10,183 नए मतदाता जुड़े। 17 से 29 नवंबर तक चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 51,692 पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने फॉर्म-6 की ऑनलाइन फीडिंग पर विशेष जोर दिया। नियमित समीक्षा और अधिकारियों के बीच समन्वय के चलते ऑनलाइन फीडिंग के मामले में भी जनपद ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी ने की नाम जुड़वाने की अपील

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने नागरिकों से अपील की है कि जिन पात्र लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा लें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की गई है। बताया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए भारत निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी अहम है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन संबंधी कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी जारी रहेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)