वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला गंगा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत जिले में पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने नगर परिषद किशनगंज के सहायक लोक स्वच्छता एवं अवशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी को धर्मगंज से सिविल कोर्ट तक सर्विस लेन के किनारे सौंदर्यीकरण एवं वृक्षारोपण का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, रमजान नदी में गिरने वाली सभी नालियों के निकास स्थलों पर मेश फिल्टर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नालियों के माध्यम से ठोस कचरा नदी में नहीं पहुंचे और जल प्रदूषण पर रोक लगाई जा सके।
डीएम ने जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे को जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट (बायो मेडिकल वेस्ट) के वैज्ञानिक एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्यावरण संरक्षण, नदी की स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता विभागीय जांच, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



