बीच-बचाव करने पहुंचे अजय सिंह को बदमाशों ने दो बार गाड़ी से कुचला, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत
समाज जागरण संवाददाता
मीरजापुर, 6 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में लूटपाट के इरादे से आए बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एरिया ब्रांच मैनेजर विक्रम सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और विरोध करने पर परिवार के लोगों को भी निशाना बनाया। इस दौरान विक्रम सिंह के भाई अजय सिंह को आरोपियों ने कार से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अजय सिंह की वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 4 नवंबर 2026 की शाम की है। एक्सिस बैंक चुनार में एरिया ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत विक्रम सिंह अपनी चार पहिया गाड़ी से बैंक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 7:18 बजे राजगढ़ थाना क्षेत्र में चिड़ियाघर की बाउंड्री के पास जम्मू-कश्मीर नंबर की एक कार में सवार छह लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि कार से उतरे हमलावरों ने गाड़ी का दरवाजा खोलने का प्रयास किया और शीशा नीचे होते ही विक्रम सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों के पहुंचने पर दोबारा किया हमला
किसी तरह वहां से निकलकर विक्रम सिंह अपने चाचा पंकज के घर के पास पहुंचे, जहां उनके भाई अजय सिंह, ओम प्रकाश और पवन मौजूद थे। इसी दौरान कथित हमलावर भी वहां पहुंच गए और दोबारा मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। इस बीच स्थानीय लोगों ने एक आरोपी आदि सिंह को पकड़ लिया।
पकड़े गए साथी को छुड़ाने लौटे हमलावर
आरोप है कि पकड़े गए आरोपी को छुड़ाने के लिए बाकी हमलावर दोबारा कार लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने धक्का-मुक्की कर अजय सिंह को जमीन पर गिरा दिया और उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद पकड़े गए आरोपी आदि सिंह को जबरन अपनी कार में बैठा लिया। भागते समय हमलावरों ने घायल अजय सिंह को फिर से गाड़ी से कुचल दिया और मौके से फरार हो गए।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल अजय सिंह को राजगढ़ सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान अजय सिंह की मौत हो गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर दी।
छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
परिजनों की तहरीर में छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें रोहित पटेल उर्फ राजा सहित अन्य नाम शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।
घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के दुस्साहस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बैंक अधिकारी पर हमला और उनके भाई की कथित तौर पर वाहन से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



