google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मीरजापुर में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल की 151वीं जयंती, राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकली रन फॉर यूनिटी

केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, विधायक रत्नाकर मिश्र और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, राष्ट्रीय एकता की दिलाई शपथ

समाज जागरण संवाददाता

मीरजापुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रभात फेरी, रैली, विचार गोष्ठी, स्लोगन संकलन और रन फॉर यूनिटी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरदार पटेल चौराहा भरूहना पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल और नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्रीय एकीकरण के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र समर्पण और एकता के उनके संदेश को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।

इसी क्रम में मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश, उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने भी सरदार पटेल चौराहा पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मंडलायुक्त कार्यालय और कलेक्ट्रेट में भी सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, अपर आयुक्त राजकुमार द्विवेदी और संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नमन किया। वहीं कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व विजेता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संगम लाल, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने में सरदार पटेल का योगदान सदैव याद किया जाएगा।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि सरदार पटेल ने छोटे-छोटे रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने पद और कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की भावना अपने भीतर बनाए रखनी चाहिए। राष्ट्रभक्ति प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रमों की कड़ी में बिनानी कॉलेज से कलेक्ट्रेट तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। इसके अलावा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने प्रभात फेरी एवं रैली निकालकर एकता का संदेश दिया।

पूरे जनपद में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)