google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पूरे परिवार संग मां दुर्गा की शरण में पहुंचे विधायक संजीव सरदार, पोटका की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की प्रार्थना

हल्दीपोखर की प्राचीन दुर्गा पूजा में पत्नी रानिता, बेटों आयन-प्रवीर और बेटी श्रेया के साथ की पूजा-अर्चना व पुष्पांजलि, बोले- जनप्रतिनिधि होने के नाते पोटका की पूरी जनता मेरे परिवार का हिस्सा

दैनिक समाज जागरण 18.10.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

पोटका दुर्गा अष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने सोमवार को अपने पूरे परिवार के साथ हल्दीपोखर स्थित क्षेत्र की प्राचीन दुर्गा पूजा में शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना की। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की और मां दुर्गा से अपने परिवार के साथ-साथ पूरे पोटका विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। विधायक के साथ उनकी धर्मपत्नी रानिता सरदार, पुत्र आयन सरदार एवं प्रवीर सरदार और पुत्री श्रेया सरदार भी मौजूद थीं। ब्राह्मण परिवार की ओर से आयोजित इस पारंपरिक दुर्गा पूजा में विधायक ने परिवार सहित मां का आशीर्वाद लिया।

पूजा के दौरान विधायक संजीव सरदार पूरी तरह भक्तिभाव में नजर आए। उन्होंने मां दुर्गा के समक्ष नमन करते हुए क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और एकजुटता का संदेश देने वाला अवसर भी है। ऐसे पर्व लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के करीब आने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

पोटका की जनता भी मेरे परिवार का हिस्सा : संजीव सरदार

पूजा-अर्चना के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वह हर वर्ष की तरह इस बार भी अपने परिवार के साथ मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा परिवार सिर्फ मेरे घर तक सीमित नहीं है, बल्कि पोटका विधानसभा क्षेत्र की पूरी जनता भी मेरे परिवार का हिस्सा है। मां दुर्गा से मेरी यही प्रार्थना है कि क्षेत्र के हर घर में सुख-शांति और समृद्धि रहे, सभी लोग स्वस्थ रहें और आपसी प्रेम व भाईचारा हमेशा कायम रहे।”

विधायक ने कहा कि मां दुर्गा ने हमेशा अन्याय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया है। समाज में भी नफरत, वैमनस्य और आपसी द्वेष जैसी प्रवृत्तियों का अंत होना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और मिल-जुलकर पोटका के विकास एवं खुशहाली के लिए काम करने की अपील की। साथ ही सभी लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की।

हल्दीपोखर की प्राचीन पूजा परंपरा से जुड़ी है लोगों की आस्था

हल्दीपोखर में ब्राह्मण परिवार की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा को क्षेत्र की पुरानी धार्मिक परंपराओं में गिना जाता है। इस पूजा से स्थानीय लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। विधायक संजीव सरदार ने भी इस परंपरा से जुड़े रहने की बात कही और परिवार के साथ पूजा में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया।

इधर, पोटका प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा अष्टमी और नवमी की पूजा हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। सुबह चार बजे से ही विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह 7:39 बजे तक अष्टमी की पूजा हुई, जिसके बाद संधि बलि के साथ नवमी की पूजा आरंभ हुई। दिनभर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती रही। लोगों ने मां दुर्गा के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। देर रात तक क्षेत्र के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर रहा।

इस अवसर पर पुरोहित देबु शर्मा, टूरा शर्मा, उपमुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, देव पालित, संस्कार राम, कल्याण सरकार, सुखेंदु गुहा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)