दुर्गा चौक पर छठ सेवा समिति की बैठक में बनी रणनीति, रोशनी से जगमग होंगे घाट और गलियां, सुरक्षा-सफाई पर रहेगा विशेष जोर
दैनिक समाज जागरण | अनिल कुमार | संवाददाता
नबीनगर (औरंगाबाद)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नबीनगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए छठ सेवा समिति ने कमर कस ली है। शनिचर बाजार स्थित दुर्गा चौक पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में घाटों की सजावट से लेकर सुरक्षा, रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल तक की व्यवस्था को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता रविन्द्र पांडे ने की, जबकि संचालन शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने किया। बैठक में समिति के अध्यक्ष सह नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बिपिन सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बैठक में बिपिन सिंह ने छठ महापर्व को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रस्तावित तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने आयोजन के बजट और विभिन्न व्यवस्थाओं पर होने वाले खर्च का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया।
बैठक में तय किया गया कि छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। नगर की प्रमुख गलियों और घाटों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, मेला क्षेत्र का प्रबंधन, बाहर से आने वाले व्रतियों के ठहरने तथा घाटों पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
समिति के सदस्यों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे। सभी ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



