दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
सरायकेला–खरसावाँ: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस क्रम में तामोलिया स्थित जेवियर इंग्लिश स्कूल में कक्षा 8वीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित सड़क व्यवहार और दुर्घटना से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में गम्हरिया स्थित केपीएस स्कूल के समीप छात्राओं को ले जाने वाले सवारी वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान वाहन की सुरक्षा व्यवस्था, चालकों के आवश्यक दस्तावेज एवं यातायात नियमों के अनुपालन की गहन समीक्षा की गई।
वहीं गम्हरिया थाना के समीप बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। नियम उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया गया तथा उन्हें हेलमेट भी प्रदान किया गया, ताकि भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।
अभियान के माध्यम से आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन और दूसरों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो, ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजू, दिलीप कुमार, रवि प्रसाद सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



