मैहर। नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने आज पहली बार पत्रकारों से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई सुझाव साझा किए।

उन्होंने कहा कि मैहर तीर्थनगरी है, यहाँ देशभर से श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विशेष अपील करते हुए कहा कि शहर के सभी बड़े प्रतिष्ठान, दुकानदार एवं व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएँ, और विशेष रूप से रोड साइड कैमरे अवश्य स्थापित करें।
एसपी सिंह ने बताया कि कैमरे न केवल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में सहायक होंगे बल्कि यातायात नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाएँगे। उन्होंने कहा कि
हम सबकी छोटी-सी जिम्मेदारी पूरे समाज की बड़ी सुरक्षा का आधार बन सकती है। अतः नागरिकगण पुलिस प्रशासन को सहयोग करते हुए शहर को सुरक्षित बनाने में साझेदारी करें।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी लगातार संवाद और सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मीडिया और पुलिस का आपसी तालमेल अपराध नियंत्रण और जनहित कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक की पहली प्रेसवार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और उन्होंने भरोसा दिलाया कि मैहर में पुलिस व्यवस्था को पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



