google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

स्वर्वेद महामंदिर धाम में नवसंवत्सर मनाया गया

संत प्रवर श्री के सान्निध्य में निकली गई भव्य स्वर्वेद यात्रा

समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
भारतीय नवसंवत्सर के मौके पर सद्गुरु सदाफल देव विहंगम योग संस्थान के तत्वावधान में देशभर के अनेक स्थानों पर एक ही समय में भव्य एवं दिव्य ‘स्वर्वेद यात्रा’ का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। यह अलौकिक दृश्य आध्यात्मिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम बना। स्वर्वेद महामंदिर धाम में स्थित सद्गुरु सदाफल देव आप्त वैदिक गुरुकुलम के छात्रों, आचार्यों एवं आश्रमवासियों के साथ-साथ संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज स्वयं यात्रा में सम्मिलित हुए। उनके दिव्य सान्निध्य में निकली यह यात्रा और भी प्रेरणादायी एवं गरिमामयी बन गई।


लगभग 250 से अधिक गुरुकुल छात्र, आचार्यगण एवं भक्तों ने ‘स्वर्वेद’ महाग्रंथ को श्रद्धापूर्वक सिर पर धारण कर तरयाँ से डुबकियां लगाते हुए भक्ति-भाव से महामंदिर धाम तक यात्रा पूर्ण की।इस अवसर पर संत प्रवर श्री ने विहंगम योग के प्रणेता अनंत श्री सद्गुरु सदाफल देव जी महाराज की पावन मूर्ति पर लौंग एवं इलायची से निर्मित सुगंधित माला अर्पित कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।


इसके पश्चात् समस्त श्रद्धालुओं ने अबीर, गुलाल एवं पुष्पों की होली खेलते हुए नववर्ष का स्वागत उल्लास और आध्यात्मिक आनंद के साथ किया। संपूर्ण वातावरण भक्ति, प्रेम और उत्साह से गुंजायमान हो उठा।संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज ने सनातन नवसंवत्सर की हार्दिक मंगलमय शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय नववर्ष सृष्टि में नवचेतना का प्रतीक है, जो जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के संतुलन पर आधारित है तथा ऋषि परंपरा के आदर्शों का पालन ही सच्ची भारतीयता है।


मौके पर दीपक शर्मा, सच्चिदानंद सहाय, शैलेन्द्र द्विवेदी, सुरेन्द्र यादव, भरत दूबे, अशोक कुमार, अभिषेक सिंह, नीरज पाण्डेय, नितोष आर्य, मनीष विश्वकर्मा, अरविन्द चौहान, गौरव सिंह सहित अनेक श्रद्धालु विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)