आम आदमी पार्टी की महारैली छत्तीसगढ़ में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भरी हुंकार, कहा- छत्तीसगढ़ बना तो लोगों को थी उम्मीद

समाज जागरण ब्यूरो विवेक देशमुख

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बिलासपुर में जनसभा को संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ बना तो लोगों को उम्मीद थी कि विकास होगा। भगवान ने इस प्रदेश को सब कुछ दिया लेकिन एक कमी छोड़ दी ईमानदार नेता नहीं दिए। ईमानदार पार्टियां नहीं दी।20 सालों में अगर आपकी पार्टियां काम करती तो हर गांव में स्कूल खुल गए होते। दिल्ली में बीजेपी-कांग्रेस की रैली में कोई नहीं आता है। क्योंकि यहां के लोग आम आदमी पार्टी की सरकार से लोग खुश थे।

केवल घोटाला होता है

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरा छत्तीसगढ़ घोटालों के नाम से जाना जाता है। पहले दिल्ली में भी यही हाल था लेकिन जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है तब देशभर में दिल्ली की पहचान शिक्षा के रूप में हो रही है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोग बेमानी नहीं करते हैं। हम लोग भ्रष्टाचार नहीं करते हैं। इनकी नीयत खराब है। हमारी नीयत खराब नहीं है। भगवंत मान भी थे मौजूद
अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी थे। आम आदमी पार्टी ने राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बता दें कि चुनावी साल में अरविंद केजरीवाल की छत्तीसगढ़ में दूसरी सभा थी। इससे पहले अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान रायपुर में भी जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। रायपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस पर हमला बोला था। केजरीवाल ने लोगों से अपील की थी कि एक मौका आम आदमी पार्टी को दे। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान बिलासपुर में मिशन 2023 के लिए अपनी पार्टी का विजन रखा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं मुफ्त बिजली, मुफ्त शिक्षा की पैरवी करता हूं। केजरीवाल ने कहा कि अभी भगवंत मान को एक साल हुए हैं मुख्यमंत्री बने लेकिन उन्होंने पूरे पंजाब में बिजली मुफ्त कर दी।

साइंस कॉलेज में सभा

आम आदमी पार्टी की महारैली का आयोजन बिलासपुर के साइंस कॉलेज में है। रैली में अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान के अलावा राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक भी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच होता है।