google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

न्यू फोर्टिस हॉस्पिटल पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग

मरीज के पेट में ऑपरेशन के दौरान छोड़ी गई सामग्री, मानव जीवन पर खतरा

वीरेंद्र चौहान | समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज। ठाकुरगंज शहर स्थित न्यू फोर्टिस हॉस्पिटल में गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि हाल ही में एक मरीज के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के कारण सर्जरी के बाद मरीज के पेट में कॉटन और अन्य चिकित्सकीय सामग्री छोड़ दी गई, जिससे मरीज की जान जोखिम में पड़ गई।

इस मामले को लेकर सीमांचल सेवा फाउंडेशन (पंजीकृत संस्था) के संस्थापक हसीबुर रहमान ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल चिकित्सा नैतिकता के खिलाफ है, बल्कि मानव जीवन के साथ गंभीर खिलवाड़ और आपराधिक लापरवाही की श्रेणी में आती है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि न्यू फोर्टिस हॉस्पिटल में चिकित्सा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा और मरीजों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। साथ ही आशंका जताई गई है कि उसी भवन में किसी अन्य नाम और नए संचालक के माध्यम से पुनः क्लिनिक या नर्सिंग होम संचालन का प्रयास किया जा सकता है।

सीमांचल सेवा फाउंडेशन ने मांग की है कि न्यू फोर्टिस हॉस्पिटल को तत्काल सील किया जाए, दोषी डॉक्टरों और प्रबंधन के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

यह मामला चिकित्सा सुरक्षा और मरीजों के अधिकारों के दृष्टिकोण से गंभीर चिंता का विषय बन गया है और प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह समय रहते प्रभावी कदम उठाए।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)