नोएडा में छठव्रतियों ने खरना की पूजा कर मांगी परिवार की खुशहाली, सेक्टर-75 में छठ घाट पर तैयारियां पूर्ण

नोएडा, 26 अक्टूबर 2025 — नोएडा में सूर्योपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। अखिल भारतीय प्रवासी महासभा और श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा द्वारा सेक्टर-75 गोल्फ सिटी, प्लॉट-8 में छठ घाट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। घाट के समीप सूर्यपिंड भी बनाया गया है, जहाँ व्रती महिलाएं भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगी। घाट पर स्वच्छ जल, रोशनी और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।

आज कार्तिक शुक्ल पंचमी को छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान से खरना की पूजा की। व्रतियों ने स्नान कर गुड़ की खीर, रोटी, चना दाल, चावल का पिट्ठा आदि का प्रसाद तैयार किया और भगवान सूर्य एवं षष्ठी माता की पूजा की। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया तथा परिवार और समाज के लोगों के साथ बाँटा। पूरे क्षेत्र में छठ गीतों और भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

समिति अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए 60 फीट लंबा, 25 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा तालाब बनाया गया है। 27 अक्टूबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 28 अक्टूबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण होगा।

आयोजन समिति की बैठक में डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा, राजीव त्यागी, प्रभात राय, हरि प्रसाद, शशांक शेखर, बसंत उपाध्याय, मनीष यादव, अतुल जैन, अनुराग श्रीवास्तव, सुनील अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने व्यवस्था की अंतिम समीक्षा करते हुए घाट परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

छठ पर्व चार दिवसीय लोकआस्था का प्रतीक है — नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य, और प्रातः अर्घ्य। यह पर्व न केवल सूर्योपासना का पर्व है बल्कि प्रकृति, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन का भी सशक्त संदेश देता है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)