गौतम बुद्ध नगर, 12 अक्टूबर 2025। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनज़र जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 550 किलोग्राम मिलावटी पनीर नष्ट कराया है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि बीती रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों — मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा — की टीम ने छापेमारी के दौरान हरियाणा के मेवात (हथीन) स्थित जंगी मिल्क प्लांट से सप्लाई होने वाले वाहन (संख्या HR073B 3222) को पकड़ा। वाहन में करीब 550 किलोग्राम पनीर लदा हुआ था, जो प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं मानव उपभोग हेतु अनुपयुक्त पाया गया।
सुरक्षा मानकों के अनुरूप पनीर का नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया, जबकि शेष पनीर को भंगेल स्थित न्यू गढ़वाल डेयरी में सुरक्षित रखकर आज नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त ने बताया कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरंतर छापेमारी और जांच अभियान जारी रहेगा। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आमजन को मानक गुणवत्ता के खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
(सौजन्य: सूचना विभाग, गौतम बुद्ध नगर)
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



