छठ से पहले नदी में पानी बढ़ाने की अस्थायी कवायद, खगड़ा पुल के ऊपर से गुजरने वाली घर-घर जलापूर्ति पाइपलाइन खोलकर छोड़ा जा रहा पानी
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो। किशनगंज।
किशनगंज शहर की ऐतिहासिक रमजान नदी की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छठ महापर्व से पहले नदी में पानी की कमी दूर करने के लिए जिला प्रशासन को जलापूर्ति पाइपलाइन का सहारा लेना पड़ रहा है। देवघाट, खगड़ा पुल के ऊपर से गुजरने वाली घर-घर जलापूर्ति की पाइपलाइन खोलकर नीचे बहने वाली रमजान नदी में पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि नदी का जलस्तर बढ़ाया जा सके और छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में सुविधा हो।
विडंबना यह है कि रमजान नदी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 9.87 करोड़ रुपये की योजना चल रही है, लेकिन छठ महापर्व से पहले नदी में पानी उपलब्ध कराने के लिए अस्थायी इंतजाम करने पड़ रहे हैं। कभी शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली यह नदी आज कई स्थानों पर गंदगी और दुर्गंध से जूझ रही है। स्थानीय लोगों की चिंता है कि यदि नदी की सफाई और जलप्रवाह की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो छठ व्रतियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पाइपलाइन से पानी छोड़ना कितना कारगर?
प्रशासन की इस पहल से फिलहाल नदी में पानी का स्तर बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन सवाल यह है कि क्या जलापूर्ति पाइपलाइन से पानी छोड़ना ही रमजान नदी की बदहाली का समाधान है? जब शहर का गंदा पानी लगातार नदी में गिर रहा हो और प्राकृतिक जलप्रवाह बाधित हो, तो केवल अतिरिक्त पानी छोड़ने से नदी को स्वच्छ कैसे बनाया जा सकता है?
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि 9.87 करोड़ रुपये की योजना के बावजूद नदी की स्थिति में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं दिखाई दे रहा है। योजना के तहत अब तक कौन-कौन से कार्य पूरे हुए हैं और किन कार्यों पर कितना खर्च हुआ है, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक होनी चाहिए।
स्थायी समाधान की दरकार
रमजान नदी को बचाने के लिए केवल त्योहार से पहले पानी छोड़ना पर्याप्त नहीं होगा। नदी की नियमित सफाई, उसमें गिरने वाले गंदे नालों के पानी पर रोक, जलनिकासी व्यवस्था में सुधार और प्राकृतिक जलप्रवाह बहाल करने की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।
छठ महापर्व को देखते हुए प्रशासन की यह अस्थायी कवायद श्रद्धालुओं को तत्काल राहत देने का प्रयास है, लेकिन शहर की ऐतिहासिक नदी को उसकी पुरानी पहचान लौटाने के लिए स्थायी योजना और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करना जरूरी है। अब देखना होगा कि छठ के बाद भी रमजान नदी की सफाई और जीर्णोद्धार को लेकर प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



