फ्लावर शो के सफल आयोजन पर नोएडा प्राधिकरण को दी बधाई, कूड़ा निस्तारण और बस सेवा पर उठाए अहम मुद्दे
नोएडा, 21 फरवरी 2026 (समाज जागरण): डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन की एग्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक आज सेक्टर-35 स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक से पहले फेडरेशन की पूरी टीम ने नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित पुष्प प्रदर्शनी (फ्लावर शो) का अवलोकन किया और आयोजन की सराहना की।
डीडी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एन.पी. सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद एवं बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नोएडा की पहचान देश-विदेश तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी से प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है, मानसिक शांति मिलती है और बागवानी को बढ़ावा मिलता है। साथ ही यह दुर्लभ फूलों, नई प्रजातियों और फूलों से बनी रचनात्मक आकृतियों को प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच है, जिससे शहर में पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलता है।
फेडरेशन ने कहा कि यह आयोजन शहरवासियों के लिए परिवार के साथ घूमने, मनोरंजन करने और आकर्षक फूलों की आकृतियों के साथ सेल्फी लेने का बेहतरीन अवसर है। प्राधिकरण द्वारा पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था और मात्र ₹10 व ₹20 शुल्क लेने की भी सराहना की गई। इस सफल आयोजन के लिए एसीईओ श्रीमती वंदना त्रिपाठी, डायरेक्टर आनंद मोहन तथा पूरी हॉर्टिकल्चर टीम को विशेष बधाई दी गई।
बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे
1. सफाई व्यवस्था पर चिंता, स्थायी समाधान की मांग
बैठक में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन एजेंसी की हड़ताल के कारण शहर में उत्पन्न सफाई संकट पर गंभीर चिंता जताई गई। बताया गया कि पिछले तीन दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण सेक्टरों और गलियों में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे बदबू और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
फेडरेशन ने कहा कि 23 जनवरी 2019 से शुरू हुई घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था के बावजूद बार-बार हड़ताल होना चिंताजनक है। प्राधिकरण से मांग की गई कि ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तत्काल बी-प्लान तैयार किया जाए, ताकि किसी एजेंसी के हड़ताल पर जाने पर वैकल्पिक एजेंसी से कूड़ा उठवाया जा सके।
साथ ही यह भी मुद्दा उठाया गया कि जिन दिनों कूड़ा नहीं उठता, उन दिनों का शुल्क निवासियों से वसूलना अनुचित है।
2. पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी पर आंदोलन की चेतावनी
जिला गौतम बुद्ध नगर में सार्वजनिक परिवहन की कमी पर भी विस्तृत चर्चा हुई। डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष ठाकुर एम.पी. सिंह ने कहा कि यदि 31 मार्च 2026 तक तीनों प्राधिकरणों ने मिलकर बस सेवा शुरू नहीं की, तो फेडरेशन आंदोलन करेगा और शहर में चक्का जाम किया जाएगा।
ये रहे मौजूद पदाधिकारी
बैठक में अध्यक्ष एन.पी. सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष अनिल खन्ना, अनिल सिंह, कर्नल सुधीर कुमार, सूर्यकांत शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
NoidaNews #RWA #GarbageCrisis #PublicTransport #NoidaAuthority #GautamBudhNagar #Swachhta #DDRWAFederation
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




