google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कौआ नाला क्षेत्र में पहाड़ों से अवैध खनन जोरों पर, वन विभाग व एनसीएल की चुप्पी सवालों के घेरे में

उपेन्द्र कुमार तिवारी तहसील संवाददाता/ समाज जागरण

अनपरा/सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा अंतर्गत वार्ड नंबर 14, मालवीय नगर स्थित कौआ नाला क्षेत्र में इन दिनों पहाड़ों से मिट्टी की अवैध कटिंग का खेल खुलेआम जारी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक भारी मशीनों की मदद से पहाड़ी हिस्सों को काटकर मिट्टी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व डंपरों के माध्यम से बाहर भेजी जा रही है। यह गतिविधि दिन-रात चल रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही।


क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इतने बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई बिना विभागीय मिलीभगत के संभव नहीं है। पहाड़ों की अंधाधुंध कटिंग से पर्यावरण संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नाले के किनारे की भूमि कमजोर होने लगी है, जिससे बरसात के समय भूस्खलन और जलभराव की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में बड़ी प्राकृतिक आपदा से इनकार नहीं किया जा सकता।


बताया जा रहा है कि निकाली जा रही मिट्टी का उपयोग आसपास संचालित ईंट-भट्ठों और औद्योगिक इकाइयों में किया जा रहा है। इस कारण कई भट्ठे भी संदेह के दायरे में हैं। नियमों के अनुसार इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने की जिम्मेदारी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) तथा उत्तर प्रदेश वन विभाग की है। लेकिन एनसीएल ककरी परियोजना से सटे क्षेत्र में अवैध खनन लगातार जारी रहने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


इसके अलावा, कौआ नाला के समीप एनसीएल ककरी परियोजना की भूमि पर पक्के मकानों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्माण कार्य बिना वैध अनुमति के हो रहा है। इसके बावजूद परियोजना प्रबंधन और संबंधित विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे अवैध खनन और कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं।


क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि एनसीएल और वन विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कराई जाए, अवैध खनन में प्रयुक्त मशीनों व वाहनों को जब्त किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही एनसीएल की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)