समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में विभिन्न राजनैतिक, अराजनैतिक एवं अन्य संगठनों द्वारा आयोजित किए जाने वाले धरना-प्रदर्शन कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य शासकीय कार्यों के निर्बाध सम्पादन को सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यालयीय कार्य के दौरान बड़ी संख्या में संगठनों एवं दलों के प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करते थे। इससे आम जनता की समस्याओं की सुनवाई, फरियादियों के मामलों के निस्तारण तथा अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों के संचालन में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता था।
इस स्थिति को देखते हुए, धरना-प्रदर्शन के लिए एक निर्धारित स्थल चिन्हित किया गया है। यह स्थल कलेक्ट्रेट भवन के पीछे स्थित कोषागार कार्यालय के सामने पश्चिम दिशा की ओर है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने पुलिस अधीक्षक सहित समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम केवल इसी निर्धारित स्थल पर आयोजित कराए जाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय थाना एवं संबंधित पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्यत्र न किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी निर्धारित स्थल पर स्वयं उपस्थित होकर धरनारत प्रतिनिधियों से ज्ञापन प्राप्त करें तथा प्राप्त प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई, प्रशासनिक कार्यों एवं आमजन की सुविधाओं को प्रभावित किए बिना लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए निर्धारित स्थल का उपयोग सुनिश्चित कराया जाए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



