शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पूजा समिति के साथ की बैठक, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
टेढ़ागाछ। प्रखंड क्षेत्र के फुलबड़िया स्थित दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार और थानाध्यक्ष दिलशाद खां ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर में चल रही तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से प्रशासन को सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क है और आवश्यक व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। वहीं, पूजा समिति के सदस्यों ने भी पूजा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



