google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

27 जून को पटना के इस्कॉन मंदिर से निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भब्य रथ यात्रा

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना इस महीने एक बार फिर धर्म और भक्ति के रंग में रंगने जा रही है। 27 जून को इस्कॉन मंदिर की ओर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर मंदिर प्रशासन ने तैयारियाँ ज़ोरों पर शुरू कर दी हैं। भक्तों के बीच इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। भगवान जगन्नाथ की सवारी के लिए जो रथ तैयार किया जा रहा है, वह 40 फीट ऊँचा होगा। इस रथ पर भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भी विराजमान रहेंगे। रथ की बनावट और सजावट का कार्य शुरू हो चुका है। रथ को सजाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है, जो इसकी पारंपरिक भव्यता को जीवंत रूप देंगे। रथ की सजावट में खास तरह की पेंटिंग की जाएगी। इसके आगे भाग में ‘हरे कृष्णा’, ‘जय जगन्नाथ’, ‘जय बलदेव’ और ‘जय सुभद्रा’ जैसे जयघोष अंकित किए जाएंगे। साथ ही रथ के चक्कों पर शंख, गदा जैसे धार्मिक प्रतीकों की आकृतियाँ उकेरी जाएंगी। पूरी सजावट को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि रथ अत्यंत आकर्षक और भव्य दिखे। रथ को सजाने के लिए विभिन्न प्रकार के फूलों का उपयोग किया जाएगा। ये फूल केवल भारत से ही नहीं, बल्कि थाईलैंड से भी मंगवाए जा रहे हैं। गुलाब, गेंदा, ऑर्किड और गुलदाउदी जैसे फूल रथ की सजावट में चार चाँद लगाएंगे। यात्रा के दौरान फूलों की वर्षा भी की जाएगी, जिससे वातावरण और अधिक भक्तिमय हो जाएगा। भक्तों के लिए बड़े पैमाने पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है। मूंगफली, मिश्री और सौंफ के विशेष पैकेट तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें यात्रा मार्ग में भक्तों के बीच बाँटा जाएगा। यात्रा समाप्त होने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें पूरी, दाल, चावल, सब्ज़ी, खीर और मिठाइयाँ परोसी जाएँगी। यह भंडारा सभी भक्तों के लिए खुला रहेगा और भक्त इसे एक आस्था के साथ ग्रहण करेंगे। रथ यात्रा का मार्ग तय करने के लिए जिला प्रशासन और इस्कॉन मंदिर प्रशासन के बीच बैठक की जाएगी। इस बैठक के बाद ही यह तय किया जाएगा कि रथ यात्रा किस मार्ग से निकलेगी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रा के मार्ग में कोई भी बाधा न आए और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
इस बार की रथ यात्रा की विशेषता यह है कि इसमें भाग लेने के लिए विदेशों से भी कीर्तन टीमें आएँगी। ये टीमें पूरे रथ यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन करेंगी, जिससे वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बना रहेगा। स्थानीय कलाकार और भक्तगण भी इस कीर्तन में हिस्सा लेंगे। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह चरम पर है। पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस्कॉन मंदिर पहुँच रहे हैं और रथ की तैयारियों को देखकर भाव-विभोर हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि यह आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। पटना की इस रथ यात्रा में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भगवान जगन्नाथ की यह यात्रा न केवल धार्मिक महत्त्व रखती है, बल्कि सामाजिक एकता और सौहार्द का प्रतीक भी बनती है। इस ऐतिहासिक और पावन अवसर पर हजारों लोग एक साथ जुटेंगे और भक्ति में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करेंगे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)