दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ – प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ईचागढ़ थाना परिसर स्थित मारूति नंदन मनोकामना महादेव मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रुद्राभिषेक, शिव बारात एवं शिव विवाह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सविता महतो (विधायक), एसडीपीओ, थाना प्रभारी बजरंग महतो तथा मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के पश्चात वाराणसी से आए पंडित चन्द्रभान शास्त्री द्वारा विधिवत रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके बाद भूत-प्रेत की झांकियों के साथ शिव बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली गई, जिसने पूरे टीकर गांव का भ्रमण किया। बारात के आगमन के उपरांत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव विवाह सम्पन्न कराया गया।
बारात के दौरान “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिन से रात तक भंडारे की व्यवस्था की गई। वहीं रात्रि में शिव जागरण के दौरान कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई, जिसे देखने-सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ईचागढ़ थाना परिसर में हर वर्ष समिति द्वारा भव्य रूप से महाशिवरात्रि पूजा का आयोजन किया जाता है, जिससे आम लोगों और थाना प्रशासन के बीच बेहतर संबंध स्थापित होता है। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष अरुण माझी, सचिव अनिल सिंह, कोषाध्यक्ष बासुदेव चटर्जी, उपाध्यक्ष छुटु घोष, उप-कोषाध्यक्ष बनमाली रजक, झामुमो केन्द्रीय सदस्य काबलु महतो सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



