दैनिक समाज जागरण जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
बहल, 20 फरवरी। सामाजिक न्याय दिवस के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को सेठ मेघराज जिंदल राजकीय कालेज में एक विशेष सेमिनार एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से अधिवक्ता राजीव मतानी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की मूल भावना पर विस्तार से अपने विचार रखे।
अपने संबोधन में राजीव मतानी ने कहा कि सामाजिक न्याय केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और अवसर दिलाने का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझें और एक न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने संविधान में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि जागरूक युवा ही देश के भविष्य को सशक्त बना सकते हैं।
इस अवसर पर कालेज के वाइस प्रिंसिपल, प्रो. नवीन, प्रो. कपिल तथा साथी एडवोकेट कुलदीप खोड की गौरवमयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने सामाजिक समरसता, शिक्षा के महत्व और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। सेमिनार में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वक्ताओं से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं भी व्यक्त की। कार्यक्रम का माहौल ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। अंत में कालेज प्रशासन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



