google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सोनारी दोमुहानी संगम घाट में चला ‘एक पौधा भविष्य के नाम’ अभियान

ओपन हार्ट फाउंडेशन के पौधारोपण कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और महापौर सुधा गुप्ता ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

दैनिक समाज जागरण 01.08.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार को सोनारी दोमुहानी संगम घाट में एनजीओ ओपन हार्ट फाउंडेशन की ओर से ‘एक पौधा भविष्य के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो की महापौर श्रीमती सुधा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सोनारी दोमुहानी संगम घाट परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। आयोजन का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना बताया गया।

अपने संबोधन में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करें, तो भविष्य की पीढ़ियों को शुद्ध हवा, स्वच्छ जल और बेहतर जीवन मिल सकेगा। वहीं महापौर सुधा गुप्ता ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और प्रदूषण के दौर में पौधारोपण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कदमा टाटा वर्कर्स स्कूल एवं सोनारी मिथिला स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पर्यावरण संरक्षण आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। बच्चों ने नाटक के माध्यम से वृक्षों की उपयोगिता, जलवायु परिवर्तन के खतरे और हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की।

इस अवसर पर दैनिक जागरण के संपादक प्रदीप सिंह, पद्मश्री सम्मानित चामी मुर्मू, डीएफओ सबा आलम अंसारी सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर सक्रिय रहने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि ‘एक पौधा भविष्य के नाम’ अभियान को आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा, ताकि शहर को अधिक हरित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)