समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की अस्थायी पात्रता सूची तैयार करने के लिए ग्राम पंचायत केवटा में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र देव पांडेय, ग्राम पंचायत अधिकारी सुजीत कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 250 ग्रामीणों ने भाग लेकर पात्रता सूची और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने आवास प्लस सर्वेक्षण के उद्देश्य, पात्रता मानकों तथा योजना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन लाभार्थियों के नाम सार्वजनिक रूप से पढ़े गए जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार कुल 231 संभावित पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं।
ग्रामीणों को सूची में दर्ज नामों के संबंध में आपत्ति और सुझाव देने का अवसर भी प्रदान किया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने शौचालय एवं आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने पर नाराजगी जताई। इस पर प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र देव पांडेय ने आश्वासन दिया कि सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्राम पंचायत अधिकारी सुजीत कुमार सिंह ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खुली बैठक में सूची सत्यापन पर जोर दिया। बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



