दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ : सरायकेला- खरसवाँ जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के प्रखंड कार्यालय सभागार में झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाईटी द्वारा बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय यूथ मोबिलाइजेशन कैंप सह रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुकडू प्रखंड की बीडीओ राजश्री ललिता बाखला, जॉब्स एवं स्कील के जिला प्रबंधक मदन कुमार नायडू, स्कील के जिला समन्वयक रोहित राज, जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार दुबे, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (इएफ) चंदन रविदास और डीआईसी फैजानुल्लाह अली उपस्थित थे।
इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 18 से 35 वर्ष के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। अब्बे वेस्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तीन माह की सिलाई और छह माह की होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण, जबकि शाही एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सिलाई मशीन ऑपरेटर का प्रशिक्षण प्रदान करने को लेकर दोनों संस्थानों के सेंटर मैनेजर ने अपने-अपने संस्थानों से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। यह आयोजन युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



