: स्लैम बस्तियों से जुड़े 28 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में ली मैरिट
: विवेकानंद हाई स्कूल का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, 28 विद्यार्थियों ने मेरिट में बनाई जगह
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
बहल-भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हाल ही में घोषित कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में हनुमान ढाणी स्थित विवेकानंद हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों तथा गुरुजनों का नाम रोशन किया है। विद्यालय के सभी 38 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। इनमें से 28 विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा।
विद्यालय के छात्र साहिल कुमार ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि छात्रा अंशिका और अंजली सैनी ने 95 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही विद्यालय के 15 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एसएस, हिंदी तथा फिजिकल विषयों में विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। सामाजिक विज्ञान विषय में विद्यालय के 8 विद्यार्थियों ने पूर्ण अंक हासिल कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया। विशेष बात यह रही कि विद्यालय की 17 छात्राओं में से 15 छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अधिकांश विद्यार्थी स्लम बस्ती एवं मेहनत-मजदूरी करने वाले परिवारों से जुड़े हैं। कई बच्चों के अभिभावक छोटे कारोबारी हैं, बावजूद इसके विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया।
मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले तथा विभिन्न विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भिवानी स्थित श्री रामकुंज धाम चित्रकूट में गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह रामेश्वर दास धर्मार्थ ट्रस्ट, नेता जी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, बनारस से पधारे आयुर्वेद आचार्य डॉ. जितेन्द्र शर्मा, सत्यभूषण पांडेय तथा विद्यालय निदेशक सावित्री यादव ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने कई विषयों में पूर्ण अंक प्राप्त कर विद्यालय, शिक्षकों और अभिभावकों का नाम पूरे क्षेत्र में रोशन किया है। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने समिति की तरफ से सभी टॉपर व मैरिट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों व उनके शिक्षकों एवं मैनेजमेंट को बधाई दी और उनका सम्मान किया। कहा कि विवेकानंद हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत के बल पर सीमित साधनों का प्रयोग करते हुए अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन किया है यह हमारे लिए बड़े गर्व की बात है। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के साथ साथ उर्मिला सैनी, कविता रंगा, मास्टर दयानंद ग्रेवाल, मास्टर कपिल वर्मा, मास्टर अमन हलवास, अशोक भारद्वाज, निदेशक सावित्री यादव का श्री राम कुंज धाम व चिनार फ्ब्रिक की तरफ इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान किया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



