google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बिहार में 9,500 से अधिक असिस्टेंट प्रोफेसरों की होगी भर्ती, सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

211 डिग्री कॉलेजों में 2,532 पदों पर नियुक्ति, विश्वविद्यालयों में भी करीब 7,000 पद भरे जाएंगे

पटना। बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) ने नियमित सहायक प्रोफेसरों की बंपर भर्ती का ऐलान किया है। आयोग के अध्यक्ष गिरीश कुमार चौधरी ने बताया कि सितंबर 2026 से नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। राज्य सरकार ने रिक्त पदों का रोस्टर तैयार कर लिया है और आयोग अंतिम तैयारियों में जुटा है।

आयोग के अनुसार राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों में 2,532 नियमित सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा छह विषयों में पहले रिक्त रह गए पदों को भरने के लिए दोबारा विज्ञापन जारी किया जाएगा।

इसके साथ ही बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी करीब 7,000 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। कुलाधिपति के निर्देश पर भर्ती के लिए आवश्यक स्टैच्यूट तैयार कर लिया गया है, जिससे नियमित नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

आयोग के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नियमित सहायक प्रोफेसर बनने के लिए लिखित परीक्षा अनिवार्य होगी। इसके बाद नियमानुसार अन्य चयन प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी।

उन्होंने बताया कि संविदा सहायक प्रोफेसरों की भर्ती अंतिम चरण में है। चयनित अभ्यर्थी 10 अगस्त से राज्य के विभिन्न डिग्री कॉलेजों में योगदान देकर शिक्षण कार्य शुरू करेंगे। आयोग का मानना है कि नियमित और संविदा दोनों स्तरों पर होने वाली नियुक्तियों से उच्च शिक्षा संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पद भरने में बड़ी मदद मिलेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)