समाज जागरण / आदिवासी सुनील त्रिपाठी
चोपन/सोनभद्र। चोपन विकास खंड में मंगलवार को ग्राम पंचायत सहायकों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर सामूहिक रूप से अपनी समस्याएं उठाईं और ग्राम सचिवों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायतों में आवश्यक संसाधनों की लगातार कमी बनी हुई है, जिससे उनके कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पंचायत सहायकों ने बताया कि स्टेशनरी सामग्री, मोबाइल रिचार्ज तथा आधिकारिक फोन सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर कई बार ग्राम सचिवों से अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
संसाधनों की कमी से परेशान पंचायत सहायकों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अजीत यादव से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने के कारण सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ अजीत यादव ने तत्काल संबंधित ग्राम सचिवों को मौके पर बुलाया और समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत सहायकों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में पंचायत सहायक ब्लॉक परिसर में मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



