समाज जागरण/ मनोज कुमार चौबे
चोपन/ सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर साइकिल यात्रा पर निकले वाशु राइडर के चोपन पहुंचने पर नाई समाज एवं नगर के सामाजिक लोगों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।यात्रा के दौरान चोपन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने राइडर को रोककर माल्यार्पण किया तथा उनके अभियान की सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गापुर, राजपुर चुंगी, जनपद आगरा निवासी वाशु राइडर हाथ-पैर से लगभग 55 प्रतिशत दिव्यांग हैं। इसके बावजूद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण मुक्त भारत तथा सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर साइकिल यात्रा शुरू की है। वह 2 जून 2025 से साइकिल यात्रा पर निकले हैं और विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
उनके अभियान के वर्ष 2028 तक चलने की संभावना बताई गई है। चोपन पहुंचने पर नाई समाज के लोगों को जब उनके इस अभियान की जानकारी हुई तो उन्होंने यात्रा के दौरान राइडर को रोककर सम्मानित किया। इस दौरान लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके हौसले की सराहना की। नाई समाज के साथ-साथ अन्य सामाजिक लोगों ने भी राइडर का स्वागत करते हुए उनके अभियान को अपना समर्थन दिया।

इस अवसर पर मैनेजर शर्मा, विनोद ठाकुर, भीम ठाकुर, दीपू कुमार, अभिजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए साइकिल यात्रा करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। वाशु राइडर ने भी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रदूषण कम करने, पर्यावरण बचाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



