आरा-पटना मेमू ट्रेन को 20 मिनट तक रोका
जीआरपी के समझाने पर हुआ परिचालन सामान्य
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के दानापुर रेल मंडल के सदीसोपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से गुस्साए यात्रियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। ट्रेन के घंटों विलंब से पहुंचने से नाराज यात्रियों ने आरा-पटना मेमू ट्रेन (संख्या 63214 डाउन) को करीब 20 मिनट तक ट्रैक पर ही रोक दिया। अचानक हुए इस हंगामे के कारण रेल परिचालन कुछ देर के लिए पूरी तरह ठप हो गया।
बाद में मौके पर पहुंची जीआरपी की मदद से यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया जा सका। मिली जानकारी के अनुसार, यह मेमू ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से सदीसोपुर स्टेशन पहुंची थी। बक्सर-पटना रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों के समय पर नहीं चलने की समस्या नई नहीं है।
इस रूट पर आए दिन ट्रेनों के विलंब से परिचालन के कारण रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों (डेली पैसेंजर) को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन समय पर न मिलने से सरकारी और निजी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा रोजी-रोटी के सिलसिले में पटना आने-जाने वाले लोगों की पूरी दिनचर्या प्रभावित होती है। समय पर गंतव्य तक न पहुंच पाने के कारण उन्हें अक्सर अधिकारियों की डांट या नुकसान का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि छोटे स्टेशनों से रोजाना पटना और आसपास के इलाकों में सफर करने के लिए लोगों को पूरी तरह पैसेंजर ट्रेनों पर ही निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में यदि मुख्य ट्रेनें ही घंटों लेट हो जाएं, तो यात्रियों के पास दूसरी ट्रेन पकड़ने के विकल्प बेहद सीमित रह जाते हैं।
यात्रियों ने यह भी बताया कि हाल ही में बिहटा रेलवे स्टेशन पर आयोजित ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम के दौरान भी वरिष्ठ रेल अधिकारियों के समक्ष इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था और ट्रेनों का परिचालन समय पर सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार न होने के कारण यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही दानापुर रेल जीआरपी थाना प्रभारी अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन के अत्यधिक विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों ने आक्रोशित होकर सदीसोपुर स्टेशन पर ट्रेन रोक दी थी। जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को धैर्य रखने की सलाह दी और उनकी समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद यात्री माने और ट्रैक को खाली किया, जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य पटना की ओर रवाना हो सकी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



