google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के अंकुरी गांव के पास नहर में पलटी तेज रफ्तार कार, चारों सवार सुरक्षित बचे

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत महबलीपुर ओपी क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में पलट गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कार में सवार सभी चारों लोगों को स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार अरवल से पटना की ओर आ रही थी। इसी दौरान महबलीपुर ओपी इलाके के अंकुरी गांव के पास वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ने संतुलन खो दिया। देखते ही देखते कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महबलीपुर ओपी की पुलिस टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तुरंत बचाव और राहत कार्य शुरू किया। दोनों के साझा प्रयास से नहर में गिरी कार के अंदर मौजूद चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।


घटना के बाद नहर मार्ग पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण कुछ समय के लिए इस मार्ग पर आवागमन भी बाधित रहा। बाद में स्थिति को सामान्य किया गया।


इस पूरे मामले को लेकर पालीगंज के महबलीपुर ओपी प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि अंकुरी गांव के पास नहर मार्ग पर कार गिरने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत कार्य चलाया और कार सवार चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस इस घटना के कारणों की छानबीन कर रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)