रानीपुर-सुदर्शन पथ दो घंटे जाम
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के खाजेकला थाना क्षेत्र के रानीपुर-सुदर्शन पथ को रविवार को वाहन की टक्कर में घायल हुए युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सड़क पर उतरे लोगों के अनुसार, बीते आठ नवंबर को मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर उपरि गली निवासी सोनू कुमार को रानीपुर जल्ला गली के पास एक तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एनएमसीएच ले गए और बाद में बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई। सोनू की मौत की खबर मिलते ही रविवार को परिजन और मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो उठे और रानीपुर के पास सुदर्शन पथ पर उतर आए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन और संबंधित पक्ष से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। जाम के कारण चौकशिकारपुर से अगमकुंआ के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही खाजेकला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जाम हटाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक कहा-सुनी भी हुई। अंततः पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हो सका, जिसके बाद सुदर्शन पथ पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ।

परिजनों ने बताया कि मृतक सोनू ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी और भविष्य का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिजन बिलखते हुए पूछ रहे थे कि अब परिवार का सहारा कौन बनेगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



