google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में बेमौसम बारिश से धान की फसलें गिरीं, किसान परेशान

सरकार से आर्थिक सहायता की मांग

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ नवंबर महीने में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से हुई बेमौसम बारिश और तेज हवा ने किसानों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। पटना जिले के ग्रामीण इलाकों में खेतों में पककर तैयार धान की फसल तेज हवाओं के कारण जमीन पर गिर गई है, जिससे भारी नुकसान की आशंका पैदा हो गई है। कटाई के मुहाने पर खड़े किसानों ने इस आपदा से हुए नुकसान के लिए सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

शुक्रवार की शाम से रुक-रुककर हो रही बारिश ने फसल कटाई की तैयारी कर रहे किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई किसानों ने खेतों में धान की कटाई शुरू कर दी थी, लेकिन अचानक हुई बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया और कटी हुई फसल भीग गई। किसानों को डर सता रहा है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ, तो खेतों में पड़ी फसल सड़ सकती है और धान के दानों पर दाग लगने से उसकी गुणवत्ता भी बुरी तरह प्रभावित हो सकती है।

इस वर्ष खाद, बीज, कीटनाशक और मजदूरी पर बढ़ते खर्च के बावजूद किसानों ने बेहतर उपज की उम्मीद में धान की खेती की थी। तीन से चार महीने तक दिन-रात कड़ी मेहनत करने के बाद फसल पककर तैयार हुई थी। किसानों को उम्मीद थी कि अच्छी पैदावार से खेती की लागत निकल आएगी और परिवार की जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी। लेकिन कटाई से ठीक पहले मौसम के बदले मिजाज ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी तैयार धान की फसल गिर गई है। वहीं, लगातार बारिश से खेतों में पानी और कीचड़ जमा हो गया है, जिससे खड़ी फसल की कटाई करना भी बेहद मुश्किल हो गया है। दूसरी ओर, जिन किसानों ने धान काट लिया था, उनके लिए भी भीगी हुई फसल को सुरक्षित बचाना बड़ी चुनौती बन गया है। किसानों को कहना है कि खेतों में गिरी धान की फसल को काटने और सुखाने में अब पहले से कहीं अधिक मेहनत और खर्च करना पड़ेगा।

बारिश में भीगी कटी फसल के दाने काले पड़ सकते हैं, उन पर दाग लग सकते हैं और फसल के सड़ने की भी आशंका है। इससे धान की गुणवत्ता घटने के साथ बाजार में उचित कीमत न मिलने का खतरा है, जिससे किसानों को पैदावार कम होने और आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)