समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के नौबतपुर में थाना क्षेत्र अंतर्गत चेचौल गांव के पास बिहटा-सरमेरा पथ पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौबतपुर उतरी की जिला पार्षद की ब्रेजा कार और एक बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बिंदेश्वरी ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव निवासी 30 वर्षीय हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक बिंदेश्वरी ठाकुर रिश्ते में हिमांशु कुमार के जीजा लगते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



