पटना। बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। नहर रोड पर अजयनगर बालापर के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने पटना एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर है।
नहर रोड पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौबतपुर थाना क्षेत्र के मोहनीपोखर गांव निवासी दो युवक मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अजयनगर बालापर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेफरल अस्पताल से पटना एम्स किए गए थे रेफर
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पटना एम्स रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
दो परिवारों के बुझ गए घर के चिराग
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहनीपोखर गांव निवासी साहिल कुमार (23 वर्ष) और रणजीत कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
नौबतपुर थाना प्रभारी नंदन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



