समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहा और पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल सुबोध राय को आखिरकार पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पटना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे लुधियाना से पटना ले आई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। सुबोध राय मनेर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से सक्रिय अपराधियों में शुमार रहा है। पुलिस के अनुसार वह कई संगीन घटनाओं में प्रत्यक्ष रूप से शामिल रहा है। मनेर थाना क्षेत्र के एक मामले में वह महीनों से फरार था। पुलिस उसका पता लगाने में जुटी थी, लेकिन वह लगातार ठिकाना बदलकर बच निकलता था। अंततः तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन पंजाब में ट्रेस हुई और एक विशेष टीम ने उसे धर दबोचा। जून 2025 में सुबोध राय और उसके साथियों द्वारा की गई एक बड़ी वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। आरोप है कि उन्होंने गंगा किनारे काम करने वाले मछुआरों से रंगदारी की मांग की थी। जब मछुआरों ने पैसे देने से इनकार किया तो सुबोध और उसके गिरोह ने डर पैदा करने के उद्देश्य से फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद दीघा थाना में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी का मामला दर्ज किया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबोध और उसका गिरोह नकटा दियारा क्षेत्र में अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए आए दिन छोटी-बड़ी आपराधिक वारदातें करते रहते थे। उनकी गतिविधियों से इलाके में भय का माहौल बना रहता था और कई लोग शाम के बाद बाहर निकलने से भी कतराते थे।पटना पुलिस ने जिले के कुख्यात अपराधियों की एक विशेष सूची तैयार की है जिसमें कुल 40 बदमाशों के नाम शामिल हैं। इन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुबोध राय भी इस सूची में शामिल था। उसके करीबी साथी भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं। कई सहयोगी अभी भी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबोध का नेटवर्क काफी फैल चुका था और वह कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में अपने संपर्कों का उपयोग करता था। इसी वजह से उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन लुधियाना में उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए अंततः पुलिस ने सफलता हासिल की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



