समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/पटना पुलिस ने रविवार की देर शाम पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई के दौरान बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिल और मास्टर चाबी बरामद की गई है। गिरोह का मास्टरमाइंड कल्लू कुमार और उसका सहयोगी नंदू राय फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पटना सिटी अनुमंडल क्षेत्र के सुल्तानगंज थाना अंतर्गत पिछले कुछ दिनों से लगातार मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) अतुलेश झा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के मास्टरमाइंड कल्लू कुमार के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने उसे चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में कल्लू ने यह स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पटना और आसपास के क्षेत्रों से मास्टर चाबी की सहायता से मोटरसाइकिलें चुराता था। चोरी के बाद ये बाइकें भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड स्थित बरकाचंदा गांव में मात्र 2000 से 2500 रुपये की कीमत पर बेच दी जाती थीं। कल्लू की निशानदेही पर पुलिस टीम ने तत्काल बरकाचंदा गांव में छापेमारी की, जहां से गिरोह के एक अन्य सदस्य नंदू राय को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से भी एक चोरी की मोटरसाइकिल और मास्टर चाबी बरामद की है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। डीएसपी अतुलेश झा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस गिरोह के तार शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शहरभर में निगरानी और गश्त को और सख्त किया गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



