google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना पुलिस ने किया सरकारी बस से चार लाख की शराब बरामद

चालक तथा खलासी गिरफ्तार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के दनियावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की एक बस से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में बस के ड्राइवर और खलासी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि निगम की एक बस के जरिए रांची से मुजफ्फरपुर की ओर विदेशी शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद दनियावां थाना की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और होरिल बीघा गांव के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। जैसे ही संदिग्ध बस वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बस के भीतर छिपाकर रखी गई कुल 282 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद ड्राइवर और खलासी को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार किए गए ड्राइवर की पहचान वैशाली जिले के रहने वाले धर्मजीत के रूप में हुई है, जबकि खलासी मोतिहारी निवासी मनोज कुमार बताया गया है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बिहार राज्य पथ परिवहन निगम में नियमित कर्मचारी हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी सरकारी बस का इस्तेमाल इसलिए कर रहे थे, ताकि रास्ते में किसी को शक न हो और वे आसानी से शराब की खेप को गंतव्य तक पहुंचा सकें। दनियावां थाना प्रभारी ने बताया कि शराब को रांची से लोड किया गया था और उसे मुजफ्फरपुर पहुंचाया जाना था।

पटना के रास्ते से गुजरते समय ही पुलिस को इसकी भनक लग गई। थाना प्रभारी के अनुसार, इस तरह सरकारी बस का दुरुपयोग कर शराब तस्करी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सरकारी व्यवस्था की साख पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ शराबबंदी कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)