समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मारूफगंज मंडी स्थित सागर ट्रांसपोर्ट से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। यह खेप अवैध रूप से यहां लाई गई थी और इसे आगे तस्करों के नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था।छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रांसपोर्ट गोदाम से 4,800 बोतलें कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त कीं। प्रत्येक बोतल 100 एमएल की थी और इसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 32 हजार रुपए आंकी गई है। मालसलामी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने जानकारी दी कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मारूफगंज मंडी स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के जरिए लाखों रुपए मूल्य का कफ सिरप मंगाया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई और तत्परता से छापेमारी की गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने गोदाम की तलाशी ली और वहां से प्रतिबंधित कफ सिरप की यह बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद बोतलों पर ‘हिमाचल प्रदेश निर्मित’ का लेबल पाया गया है। इससे यह संकेत मिलता है कि पैकिंग हिमाचल प्रदेश में की गई थी और वहां से ही यह खेप पटना भेजी गई थी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि तस्करों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और बिहार में खपत के लिए यह कफ सिरप सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेप किस व्यक्ति या फर्म के नाम पर मंगाई गई थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद तस्करों ने नशे के कारोबार का नया रास्ता खोज लिया है। अब वे शराब की जगह कफ सिरप और नशीली दवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। कोडीन युक्त कफ सिरप को नशे के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। और इसकी खपत युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि खेप किसके नाम से मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस का मानना है कि इस तरह के कारोबार में स्थानीय और बाहरी दोनों तरह के गिरोह शामिल हो सकते हैं।



