google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के कोरियावां पंचायत को मिली सौगात

2.63 करोड़ की लागत से बनेगा पंचायत सरकार भवन

15 अगस्त 2027 को उद्घाटन का लक्ष्य

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड के कोरियावां ग्राम पंचायत में विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है। शनिवार को कोरियावां में पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक श्याम रजक, पंचायत की मुखिया देवंती देवी और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।करीब 2 करोड़ 63 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह पंचायत सरकार भवन स्थानीय निवासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्याम रजक ने कहा कि इस भवन के निर्माण का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाना है।

अब ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी या आवेदन के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सभी प्रशासनिक कार्य अब पंचायत स्तर पर ही सुलभ हो सकेंगे। विधायक ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि भवन निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि लक्ष्य यह है कि 15 अगस्त 2027 को बिहार के मुख्यमंत्री के हाथों इस नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का भव्य उद्घाटन कराया जाए। इस अवसर पर मुखिया देवंती देवी ने कहा कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण से विकास कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों को शासन की नीतियों का सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में बीडीओ विजय कुमार मिश्रा, मुखिया प्रतिनिधि सतीश कुमार, सुरेश पासवान, बंटी चन्द्रवंशी समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। भवन निर्माण का दायित्व ‘एमएस सरस्वती ट्रेडर्स एंड इंजीनियरिंग सॉल्यूशन, पटना’ को सौंपा गया है। ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य के शुरू होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर करार दिया है। उनका मानना है कि इस भवन के बनने से स्थानीय प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी कम होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)