google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

किशनगंज में होली 2026 को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
02 मार्च।
होली पर्व 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।


बैठक में होली पर्व के दौरान जिले में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शांति समिति के सदस्यों ने साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, अश्लील एवं आपत्तिजनक भोजपुरी गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, डीजे संचालन पर रोक सुनिश्चित करने, नशे की हालत में हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण की मांग रखी। इसके अतिरिक्त अग्निशमन वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा देवघाट खगड़ा के टर्निंग प्वाइंट सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर भी बल दिया गया।


जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व में सरस्वती पूजा के दौरान डीजे संचालन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई थी और होली पर्व में भी डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के वरीय सदस्यों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किशनगंज जिला वर्षों से गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के लिए जाना जाता है और इस परंपरा को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले के अधिकांश स्थानों पर पुराने डस्टबिन हटाकर नए डस्टबिन लगाए जा चुके हैं। जहां कहीं भी कचरा उठाव से संबंधित समस्या हो, उस स्थान की सूचना अथवा फोटो प्रशासन को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति समिति द्वारा प्राप्त जमीनी फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की जा चुकी है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संवेदनशीलता के आधार पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति चार्ट में आवश्यक संशोधन किया गया है। उन्होंने होली के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया।


बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में प्रशासन ने आमजन से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)