अफवाह फैलाने व बाइक स्टंट करने वालों पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़: शारदीय नवरात्रि दुर्गा पूजा को लेकर शनिवार को तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने की। इसमें बिजली, स्वास्थ्य, पानी, सफाई, यातायात नियंत्रण समेत पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया कि पंडालों में सीसीटीवी कैमरा और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाइक स्टंट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और उनके अभिभावकों को भी चेतावनी दी जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफीम की खेती रोकने और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाएं।
बैठक में कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, पूर्व जिप उपाध्यक्ष अशोक साव, उप प्रमुख मो. एकराम, चौड़ा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा, कुकड़ू पंचायत उप मुखिया प्रतिनिधि मनोज मछुआ, शिक्षक लक्ष्मण महतो, भूतनाथ सिंह मुंडा, मृत्युंजय सिंह, राजेश साव, गोरा चांद सिंह मुंडा, सब इंस्पेक्टर सोमा उरांव, एएसआई रंजीत प्रसाद, बीरो लाल मुर्मू, कार्तिक कुमार, अर्जुन सिंह मुंडा समेत कई जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के अध्यक्ष-सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



