समाज जागरण/ अकबर अली
म्योरपुर/ सोनभद्र। शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पतेरीटोला में गुरुवार और शुक्रवार को लगातार दो दिन करैत प्रजाति के विषैले सांप निकलने से विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ की सूझबूझ एवं तत्परता के चलते सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। घटना में किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार गुरुवार को विद्यालय परिसर में करैत सांप दिखाई देने पर शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर एकत्रित किया।
इसके बाद परिसर की जांच कराई गई। अगले ही दिन शुक्रवार को फिर से एक करैत सांप दिखाई देने पर विद्यालय प्रशासन ने तत्काल वही प्रक्रिया अपनाते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की। प्रधानाध्यापिका सुभद्रा पांडेय ने बताया कि बरसात के मौसम में विषैले जीव-जंतुओं के निकलने की संभावना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विद्यालय प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है ताकि झाड़ियां, कूड़ा या अन्य ऐसे स्थान न रहें जहां सांप छिप सकें। उन्होंने बताया कि विद्यालय की दाई को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि परिसर में सफाई के दौरान पूरी सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विषैले जीव के दिखाई देने पर तत्काल शिक्षकों को सूचना दें।
साथ ही बच्चों को भी सतर्क रहने और किसी भी जीव-जंतु के दिखाई देने पर उसके पास न जाने की सलाह दी गई है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के पूरे मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी, ताकि शिक्षण कार्य बिना किसी बाधा और सुरक्षित वातावरण में संचालित हो सके। स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए परिसर में नियमित साफ-सफाई और आवश्यक सुरक्षा उपाय जारी रखने की मांग की है। विद्यालय में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



