उत्तर प्रदेश : प्रदेश में बीमा घोटालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज होती जा रही है। सम्भल में आईपीएस अनुकृति शर्मा द्वारा जीवन बीमा के नाम पर चल रहे स्कैम का खुलासा किए जाने के बाद अब झांसी में भी बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।

झांसी में आईपीएस अरीबा नोमान के नेतृत्व में पुलिस ने फसल बीमा योजना में हुए घोटाले का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि योजना के तहत कागजों में फर्जी किसान तैयार कर उनके नाम पर बीमा का लाभ लिया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में भूपेंद्र, पारस नायक और ऋतिक तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की एक सुनियोजित तिकड़ी काम कर रही थी—एक व्यक्ति गांवों से किसानों के दस्तावेज एकत्र करता था, दूसरा उन दस्तावेजों में हेरफेर करता था, जबकि तीसरा बीमा कंपनी से संपर्क कर फर्जी क्लेम को आगे बढ़ाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने फसल बीमा के नाम पर 11 लाख रुपये से अधिक की धनराशि फर्जी तरीके से प्राप्त की। पुलिस का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, घोटाले की राशि और भी बढ़ सकती है।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि जालसाजों ने क्षेत्रीय सांसद की जमीन की खतौनी में भी हेरफेर कर बीमा क्लेम हासिल किया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



