google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष बने प्रताप यादव, संगठन विस्तार को बताया प्राथमिकता

दैनिक समाज जागरण 19.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा चलाए जा रहे “संगठन सृजन अभियान” के तहत गोलमुरी निवासी प्रताप कुमार यादव को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ओबीसी मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंगलवार को पार्टी आलाकमान के निर्देश पर यह नियुक्ति की गई। नियुक्ति पत्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय चेयरमैन अनिल जयहिंद के आदेश तथा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष साहू द्वारा जारी किया गया।
जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि प्रताप कुमार यादव संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा कांग्रेस पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पार्टी नेतृत्व ने उनसे जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने और ओबीसी समाज के बीच कांग्रेस की पकड़ को और सशक्त बनाने की अपेक्षा जताई है।


प्रताप यादव लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा को-ऑपरेटिव कॉलेज में छात्र राजनीति के दौरान एनएसयूआई संगठन से शुरू की थी। छात्र जीवन से ही वे सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। पुणे से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर जनसेवा और राजनीति का रास्ता चुना। वर्षों से कांग्रेस संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहकर उन्होंने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है।


प्रताप यादव दूसरी पीढ़ी के कांग्रेसी नेता माने जाते हैं। उनके पिता शिवजी यादव पुराने कांग्रेसी नेता एवं पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि का प्रभाव प्रताप यादव के राजनीतिक जीवन में भी देखने को मिलता है। कांग्रेस संगठन में उनकी सक्रियता और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पूरे जिले में संगठन का तेजी से विस्तार करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी पुराने और नए नेताओं के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। पार्टी में एकजुटता बनाए रखने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पिछड़े समाज के युवाओं एवं आमजनमानस को अधिक से अधिक कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन कर जातीय जनगणना कराने और ओबीसी समाज को उनकी जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण दिलाने की दिशा में संघर्ष किया जाएगा।


जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रताप यादव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू, लोकसभा प्रभारी शशिभूषण राय, सतीश पॉल मुंजनी तथा जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रताप यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे और पूरे जिले में कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं प्रथम मेयर सुधा गुप्ता के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)