नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार पर बरसीं कांग्रेस नेत्री अपर्णा गुहा, निष्पक्ष जांच की मांग

दैनिक समाज जागरण 19.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की महासचिव अपर्णा गुहा ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण परीक्षा में लगातार हो रही अनियमितताएं और पेपर लीक की घटनाएं बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।


प्रेस को जारी बयान में अपर्णा गुहा ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। देशभर के छात्र-छात्राएं दिन-रात कठिन मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने कहा कि जब परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं, तो मेहनती और ईमानदार छात्रों का मनोबल टूटता है तथा उनकी प्रतिभा के साथ अन्याय होता है।


उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ियों की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में असफल रही है। अपर्णा ने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से युवाओं का भरोसा सरकारी संस्थाओं और भर्ती प्रक्रियाओं से उठता जा रहा है, जो देश के लिए बेहद गंभीर विषय है।


कांग्रेस नेत्री ने कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी करने के बजाय ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा इस पूरे मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह तकनीकी रूप से सुरक्षित और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।


अपर्णा गुहा ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी राजनीति से बड़ा है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों के सपनों और मेहनत की रक्षा करे। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि छात्रों और अभिभावकों के बीच पैदा हुए अविश्वास को दूर करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के लिए संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)