google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पूर्वांचल यात्रा बभनी पहुंची, सरकार से अधिकार देने की मांग

20 सितंबर को वाराणसी में होगा ‘नई पीढ़ी संवाद’, ग्रामीणों से शामिल होने की अपील

समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे

सोनभद्र। जवाबदेह सरकार और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा मंगलवार, 15 सितंबर को सोनभद्र के बभनी ब्लॉक पहुंची। यात्रा के दौरान बभनी सहित इकदीरी, पोखरा, रनदह, चवना, बैना, घघरा, धनखोर और घघरी आदि गांवों में ग्रामीणों से संपर्क, संवाद और बैठकें की गईं। इस दौरान लोगों से आगामी 20 सितंबर को वाराणसी में आयोजित ‘नई पीढ़ी संवाद’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और सहयोग करने की अपील की गई।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के माध्यम से महिलाओं पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। वहीं प्रदेश से पूंजी का पलायन होने के कारण स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सीमित हो रहे हैं और बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेशों का रुख कर रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने मनरेगा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों की स्थिति चिंताजनक है और नई योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों की मजदूरी का भुगतान भी कई स्थानों पर समय से नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीण मजदूरों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो रहा है।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त संसाधनों और सुविधाओं का अभाव है। कई स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र महज रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं। वहीं शिक्षा व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के अभाव में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की कई लड़कियों को पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ रही है।

यात्रा में सरकार की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकारों की जिम्मेदारी जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन जैसे संवैधानिक अधिकार उपलब्ध कराना है। उनका आरोप है कि इन अधिकारों को सुनिश्चित करने के बजाय लोगों को राहत और सहायता के रूप में खैरात बांटने की प्रवृत्ति बढ़ रही है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में संसाधनों की कमी नहीं है। उनका मानना है कि यदि कॉर्पोरेट संपत्तियों पर उचित कर लगाया जाए और काली पूंजी की अर्थव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, तो देश के प्रत्येक नागरिक को उसके संवैधानिक अधिकार उपलब्ध कराने की दिशा में पर्याप्त संसाधन जुटाए जा सकते हैं।

इस दौरान आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान पूर्वांचल यात्रा की सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, सविता गोंड, इंद्रदेव खरवार, राजेंद्र प्रसाद गोंड, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड, सुमन खरवार, मोहर सिंह गोंड, राम विचार गोंड़ और देव कुमार खरवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यात्रा के दौरान ग्रामीणों से आगामी 20 सितंबर को वाराणसी में होने वाले ‘नई पीढ़ी संवाद’ में सहभागिता करने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि पूर्वांचल के युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और आम नागरिकों की समस्याओं तथा अधिकारों को लेकर संवाद को आगे बढ़ाया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)