गणेश चतुर्थी पर श्री रामेश्वर देवालय परिसर में हुआ पूजनोत्सव का शुभारंभ, महिलाओं ने हरितालिका तीज पर की सामूहिक पूजा
समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे
सोनभद्र। बभनी में गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजनोत्सव का शुभारंभ किया गया। बभनी मोड़ स्थित श्री रामेश्वर देवालय परिसर में आयोजित गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई और पूजा-अर्चना की गई।
रामेश्वर देवालय परिसर में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी से सजे पंडाल में प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
गणेश उत्सव के आयोजन को लेकर रामेश्वर देवालय समिति और श्री गणेश पूजा समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। पूजा स्थल पर वैदिक मंत्रों के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।
पूजनोत्सव के दौरान जजमान विशुन केशरी ने पत्नी के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कराई। आयोजन में समिति के सुनील गुप्ता, ज्ञानेश्वर कुशवाहा, श्यामलाल, देवानंद, गोलू केशरी, सुनील कुशवाहा और मनीष पांडेय सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
हरितालिका तीज पर महिलाओं ने की सामूहिक पूजा
इसी क्रम में सोमवार शाम को घघरा, बरवाटोला, घघरी, बभनी बाजार, चपकी, भंवर सहित आसपास के गांवों में महिलाओं ने हरितालिका तीज का व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ रखा। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर हरितालिका तीज की कथा सुनी और पति की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कई स्थानों पर महिलाओं ने रातभर भजन-कीर्तन किया। मंगलवार सुबह भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने विधि-विधान से अपने व्रत का पारण किया। गणेश उत्सव और हरितालिका तीज के आयोजनों से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



